अम्बिकापुर, 14 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा अम्बिकापुर स्थित होली क्रॉस आशा निकुंज श्रवण बाधित विशेष विद्यालय में दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थियों ने पेंटिंग, नृत्य और विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग तैयार कीं तथा नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, विज्ञान मेले में विभिन्न मॉडलों एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार की झलक प्रस्तुत की।
इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी रचनात्मक क्षमताओं को उचित मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला और कौशल के प्रदर्शन का अवसर मिला।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी, होली क्रॉस आशा निकुंज श्रवण बाधित विशेष विद्यालय के प्राचार्य एवं विद्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।




