अंबिकापुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अंबिकापुर द्वारा 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चैतन्य देवियों की भव्य झांकी का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देना है।
झांकी प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुली रहेगी। इस दौरान प्रतिदिन रात 8:00 बजे से 8:30 बजे तक सांस्कृतिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहले दिन सामूहिक भजन, दूसरे दिन सामूहिक एकल गायन, तीसरे दिन डांस कार्यक्रम, चौथे दिन भस्मासुर नाटक, पांचवें दिन गीत एवं नृत्य, छठे दिन डांस, सातवें दिन काली डांस एवं ड्रामा, आठवें दिन महिषासुर नाटक, नौवें दिन गरबा डांस तथा दसवें दिन रामायण भजन की प्रस्तुति होगी।
ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर की मुख्य संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने कहा कि मन की एकाग्रता, इंद्रियों पर संयम और आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाकर ही जीवन में सच्ची शांति प्राप्त की जा सकती है। चैतन्य देवियों की झांकी के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने, विकारों से मुक्त होने तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा दी जा रही है।
उन्होंने नगरवासियों से परिवार सहित झांकी के दर्शन करने और आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आग्रह किया। झांकी में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
आयोजक: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अंबिकापुर।
