समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में समाज के विभिन्न वर्गों के विचार एवं सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से सरगुजा संभाग के प्रतिनिधियों के साथ समूह चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 को अम्बिकापुर स्थित शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित की गई। बैठक में एक हजार से अधिक विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिकों तथा निगम, मंडल एवं आयोग के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
समिति के समक्ष विवाह एवं तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं विरासत और लिव-इन संबंध जैसे मुद्दों पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने सुझाव साझा किए।
बैठक में समिति के प्रमुख सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मोहन पवार, सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह, उच्च स्तरीय समिति के सचिव एवं आयुक्त रायपुर संभाग श्री श्याम लाल धावड़े तथा सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा उपस्थित रहे।
विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से लिए गए सुझाव
बैठक में समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से यूसीसी के संबंध में उनके विचार, सुझाव एवं अभिमत आमंत्रित किए गए। विभिन्न वर्गों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र एवं सामाजिक परिवेश के दृष्टिकोण से विषय से संबंधित सुझाव समिति के समक्ष प्रस्तुत किए।
बैठक का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करते हुए समान नागरिक संहिता से जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना तथा विभिन्न पक्षों के विचारों एवं सुझावों को समझना रहा। समिति के सदस्यों ने उपस्थित प्रतिनिधियों के विचारों को सुना और सुझावों के संकलन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
सुझावों के आधार पर तैयार होगा समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट
यूसीसी समिति के सदस्यों ने बताया कि सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों का अध्ययन किया जाएगा। इन सुझावों एवं अभिमत के आधार पर समान नागरिक संहिता से संबंधित ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
बैठक के दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता क्या है, इसके विभिन्न पहलू तथा समिति द्वारा की जा रही प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित प्रतिनिधियों को विषय से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनके प्रश्नों एवं सुझावों को भी चर्चा में शामिल किया गया।
ऑनलाइन माध्यम से भी आमंत्रित किए गए सुझाव
समिति द्वारा समान नागरिक संहिता के संबंध में व्यापक स्तर पर सुझाव प्राप्त करने के लिए वेबसाइट एवं ई-मेल की जानकारी भी साझा की गई। नागरिक एवं विभिन्न संगठन समिति की वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in तथा ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in के माध्यम से भी अपने सुझाव एवं अभिमत प्रस्तुत कर सकते हैं।
संभाग के पांच जिलों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता
बैठक में सरगुजा संभाग के सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर एवं कोरिया जिलों से सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समिति द्वारा संभाग के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से समान नागरिक संहिता से संबंधित विचार एवं सुझाव संकलित किए जा रहे हैं।
इस दौरान पंडो समाज, उरांव समाज, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, सर्व आदिवासी समाज, गोंड समाज, केवट समाज, नगेशिया समाज, बिंझिया समाज, पनिका समाज, यादव समाज, ब्राम्हण समाज, स्वर्णकार समाज, रोमन कैथोलिक समाज, मझवार समाज, रजवार समाज, साहू समाज, चेरवा समाज, मुण्डा समाज, चिक समाज, मुस्लिम सुन्नी समाज, अंजुमन इस्लामिया कमिटी, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज, रौनियार समाज, राजपूत समाज तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों सहित अन्य समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और लिखित एवं मौखिक माध्यम से समान नागरिक संहिता के विषय में अपने विचार व्यक्त किए।
फोटो: Sunhara Savera



