आध्यात्मिक ज्ञान से विकारों का नाश कर जीवन को बनाएं स्वर्ग समान – विद्या दीदी
अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अंबिकापुर में नवरात्रि के पावन अवसर पर चैतन्य देवियों की झांकी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लों, उप निरीक्षक यातायात अभय तिवारी, आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी, मंगल पांडे, शिल्पा पांडे, वंदना दत्ता, संतोष कुमार विश्वकर्मा, अमृत प्रधान, हिना बहन, निशा बहन एवं ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्या दीदी ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य के भीतर छिपे आसुरी संस्कारों एवं विकारों को समाप्त करने का मार्ग दिखाता है। हमें देवियों के दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण कर परिवार को सुख-शांति से परिपूर्ण बनाना चाहिए।
अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था स्थानीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिल्पा पांडे ने झांकी को शांति एवं सकारात्मकता का अनुभव कराने वाला बताया, वहीं वंदना दत्ता ने देवी स्वरूप गुणों को अपनाने का संदेश दिया। मंगल पांडे ने कहा कि अध्यात्म से जुड़कर व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है तथा हमें अपने अवगुणों का नाश कर श्रेष्ठ संस्कार अपनाने चाहिए।
कार्यक्रम में रेखा बहन, अजय तिवारी एवं उनके समूह ने देवी भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
20 अक्टूबर तक होंगे दर्शन
चैतन्य देवियों की झांकी 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक शहरवासियों के दर्शन के लिए खुली रहेगी।
कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें






