अंबिकापुर/ प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र चोपड़ा पारा अंबिकापुर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के पांचवें दिन दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं सरगुजा महाराज टी.एस. सिंहदेव उपस्थित रहे। पूर्व उप मुख्यमंत्री सरगुजा महराज टी एस सिंहदेव ने कहा कि हमें अपने भीतर की शक्तियों पर ध्यान केंद्रित कर बेहतर जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। यहां आकर शांति और सुकून का अनुभव होता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा वैश्विक वैचारिक शुद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से इस संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी विद्या दीदी ने कहा कि नवरात्रि हमें अपनी आंतरिक शक्तियों को जागृत करने की प्रेरणा देती है। हमें अपने भीतर के काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार रूपी पांच विकारों पर विजय प्राप्त कर जीवन को श्रेष्ठ बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में चौथे दिन भी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अंबिका वाणी के ब्यूरो चीफ एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक सराठे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, विक्टोरिया पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर कौशल शर्मा, प्राचार्या तुलसी सिंह तथा पेंशनर समाज के अध्यक्ष हरिशंकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दी।
रेखा बहन एवं उनके ग्रुप द्वारा सुंदर गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन के लिए शहरवासियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।




