अंबिकापुर/ प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र नव विश्व भवन चोपड़ा पारा अंबिकापुर द्वारा आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के छठवें दिन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में अतिथि डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय सरगुजा राजेश अग्रवाल, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले तथा वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाण्डेय पूर्व ब्यूरो चीफ नवभारत सरगुजा उपस्थित रहे। इस अवसर पर शारदा अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, मीना वर्मा, प्रज्ञा पाण्डेय , आयुषी मिश्रा, वरिष्ठ समाज सेवी मंगल पाण्डेय, अनिल कुमार मिश्रा तथा सेवा केंद्र संचालिका बीके विद्या दीदी ने भी सहभागिता की। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय सरगुजा राजेश अग्रवाल ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि में हम उपवास करते हैं। लेकिन हमें व्यसनों से दूर रहने का संकल्प भी लेना चाहिए। प्रत्येक दिन प्रत्येक समय स्वयं को व्यसनमुक्त रखकर शुद्ध और पवित्र जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने कहा कि नवरात्रि का वास्तविक संदेश अपने भीतर के विकारों का नाश कर सद्गुणों और अच्छी आदतों को धारण करना है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाण्डेय ने कहा कि अध्यात्म और योग का उचित संगम नारी को सशक्त बनाता है। शक्ति स्वरूपा देवियों के माध्यम से नारी शक्ति का अद्भुत स्वरूप देखने को मिलता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों के आध्यात्मिक कार्यों एवं चैतन्य झांकी की सराहना की।कार्यक्रम में मीना वर्मा एवं उनकी टीम ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। ट्विंकल एवं मान्या के नृत्य ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। अतिथियों , ब्रम्हकुमारी बहनों एवं नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान के टीम के द्वारा व्यसन मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने चैतन्य देवियों की झांकी का दर्शन लाभ लिया।उल्लेखनीय है कि चैतन्य देवियों की भव्य झांकी 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुली रहेगी।




