6 जिलों के 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर ले रहे प्रशिक्षण, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
अंबिकापुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग में पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज, मंगलवार 15 सितंबर से अंबिकापुर स्थित होटल मयूरा में शुरू हो गया है। शिविर में संभाग के छह जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी अंबिकापुर पहुंचेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री मलकीत गैदू ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करना और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविरों की शुरुआत 30 अगस्त से बस्तर संभाग में हुई थी। इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। सरगुजा संभाग में यह प्रशिक्षण शिविर 15 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद रायपुर संभाग में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
तीन दिनों में होंगे 12 प्रशिक्षण सत्र
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुल 12 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख प्रशिक्षकों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न विषयों पर ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को दोपहर 12 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सभी प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था होटल मयूरा में की गई है। प्रशिक्षण के दूसरे और तीसरे दिन सुबह योग कक्षा का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की गंभीरता और एकाग्रता बनाए रखने के लिए आयोजन स्थल पर केवल प्रशिक्षकों और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को सौंपी गई है।
कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
अंबिकापुर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू और अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव राजेश तिवारी के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सोमवार शाम तक अंबिकापुर पहुंचने की जानकारी कांग्रेस की ओर से दी गई थी। वरिष्ठ नेताओं के आगमन का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचेगा प्रशिक्षण
प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदू और प्रशिक्षण प्रभारी युगल किशोर पाण्डेय रविवार से ही अंबिकापुर में प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
कांग्रेस के मुताबिक, ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण के बाद मंडल एवं बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।


