अंबिकापुर

सरगुजा पुलिस द्वारा जन शिक्षण संस्थान में साइबर जागृति अभियान, 300 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

अंबिकापुर। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार एवं श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय के नेतृत्व में जिला सरगुजा में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इस सप्ताह कुशल एवं अकुशल वर्ग के साथ-साथ रोजगार सृजन से जुड़े केंद्रों एवं लोगों के बीच साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत जन शिक्षण संस्थान में साइबर जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन शिक्षण संस्थान में विभिन्न प्रकार के स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण प्रदान किए जाते हैं। कार्यक्रम में संस्थान से जुड़े लगभग 300 छात्र-छात्राओं एवं 10 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता एवं निदेशक मो. सिद्दीकी उपस्थित रहे। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्कता, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से बचने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

अभियान में नवा बिहान की ओर से श्री मंगल पांडे, श्री अजय तिवारी एवं श्री संतोष दास की सहभागिता रही। वहीं पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक अभय तिवारी तथा साइबर सेल प्रभारी श्री अजीत मिश्रा के साथ अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा एवं अविनाश पासवान सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप के प्रति सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी संबंधित पुलिस अथवा साइबर सेल को देने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *