बिलासपुर

पुटू बीनने गए 23 वर्षीय युवक पर शेर का हमला, दर्दनाक मौत; इलाके में दहशत का माहौल

तखतपुर/लोरमी:
बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंधा से लगे जंगल में पुटू (मशरूम) बीनने गए एक युवक पर शेर ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बंधा के वर्तमान सरपंच राजू नवरंगे के 23 वर्षीय भतीजे धरम दास धृतलहरे के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
​जंगल के बीच हुआ आमना-सामना
मिली जानकारी के अनुसार, धरम दास धृतलहरे जंगली पुटू बीनने के लिए जंगल की ओर गया हुआ था। घटना जोगीपुर और बंधा ग्राम पंचायत के बीच स्थित जंगल में हुई। बताया जा रहा है कि जंगल के भीतर अचानक सामने से आए शेर ने युवक पर सीधा हमला बोल दिया। हमले में युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
​वन विभाग को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना तत्काल खुड़िया वन परिक्षेत्र को दी गई। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही लोरमी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
​घटना के बाद ग्रामीणों को जंगल की तरफ न जाने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *