अंबिकापुर

नव पदस्थ एएसपी रितेश चौधरी से नवा बिहान टीम ने की सौजन्य मुलाकात, नशामुक्ति अभियान को लेकर हुई चर्चा

अम्बिकापुर। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के सदस्यों ने संयोजक मंगल पाण्डेय के नेतृत्व में नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम ने अभियान के माध्यम से जिले में किए जा रहे नशामुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता एवं यातायात नियमों से संबंधित कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, विशेष शाखा सरगुजा भी उपस्थित रहे। नवा बिहान टीम के सदस्यों ने नव पदस्थ एएसपी रितेश चौधरी को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

सदस्यों ने साझा किए अपने अनुभव

मुलाकात के दौरान नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों का परिचय कराया। टीम के सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए नशामुक्ति जागरूकता के क्षेत्र में अपने अनुभव भी साझा किए।

समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि नवा बिहान अभियान द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव, साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नशे की लत से छुटकारा पाने के इच्छुक लोगों की काउंसलिंग भी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के दिशा-निर्देशन में अभियान लगातार संचालित होता रहा है और आगे भी पुलिस विभाग के मार्गदर्शन एवं सहयोग से इसे निरंतर जारी रखने की अपेक्षा है।

नशामुक्ति अभियान को बताया अभिनव पहल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने नवा बिहान अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान निश्चित रूप से प्रभावी रहा है। सरगुजा पुलिस एवं जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित यह अभियान एक अभिनव पहल है, जिसे समुदाय, मीडिया, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों का सहयोग मिलता रहा है।

वहीं नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर जागरूकता बढ़ाने वाले ऐसे अभियानों को आगे भी निरंतर संचालित किया जाना चाहिए।

18 अगस्त को राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम पर चर्चा

मुलाकात के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 18 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ के संबंध में भी चर्चा हुई। एएसपी रितेश चौधरी ने नवा बिहान टीम से कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव देने को कहा। इस पर उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए।

ये सदस्य रहे उपस्थित

इस दौरान नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा की वरिष्ठ सदस्य समाजसेविका राजयोगिनी बीके विद्या दीदी, वंदना दत्ता दीदी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, उप निरीक्षक अभय तिवारी, समाजसेवी अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी, समाजसेवी साहित्यकार एवं कवि संतोष दास “सरल”, समाजसेवी एवं शिक्षक डॉ. अंचल सिन्हा, समाजसेवी अमृत लाल प्रधान, युवा समाजसेविका हिना खान, रीना ठाकुर एवं युवा समाजसेवी संतोष कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे एवं साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से नवा बिहान अभियान द्वारा जागरूकता गतिविधियों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *