अंबिकापुर

काशी से अंबिकापुर पहुंची ‘महायात्रा 360’, 300 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद हुआ भव्य स्वागत

अंबिकापुर। सावन के पावन महीने में आस्था और समर्पण की अनोखी मिसाल देखने को मिल रही है। काशी के अस्सी घाट से पवित्र गंगाजल लेकर निकली ऐतिहासिक ‘महायात्रा 360’ करीब 300 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूरी कर अंबिकापुर पहुंची। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में पहुंचे कांवड़ियों के विशाल जत्थे का अग्रसेन भवन में भव्य स्वागत किया गया।

बताया जा रहा है कि ‘महायात्रा 360’ का यह लगातार पांचवां वर्ष है। विधायक रामकुमार टोप्पो जनप्रतिनिधि बनने से पहले से ही हर वर्ष इस कठिन पदयात्रा का नेतृत्व करते आ रहे हैं।

काशी के अस्सी घाट से लाया गया पवित्र गंगाजल सावन के अंतिम सोमवार को मैनपाट ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध चोरकीपानी धाम में स्वयंभू शिवलिंग पर अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य जलाभिषेक के साथ हवन-पूजन और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

अंबिकापुर पहुंचने पर विधायक रामकुमार टोप्पो से खास बातचीत की। इस दौरान विधायक ने कहा कि काशी से सीतापुर तक उठाया गया उनका हर कदम क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर विकास को समर्पित है।

कठिन मौसम और लंबी दूरी के बावजूद कांवड़ियों और क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब श्रद्धालुओं को सावन के अंतिम सोमवार का इंतजार है, जब चोरकीपानी धाम में बाबा भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *