बैकुंठपुर

बैकुंठपुर में सियान सदन की मांग को लेकर पेंशनर महासंघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बैकुंठपुर, कोरिया। भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की जिला शाखा कोरिया ने जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में सियान सदन (सीनियर सिटीजन एक्टिविटी एंड वेलफेयर सेंटर) की स्थापना की मांग को लेकर 17 अगस्त को जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव को ज्ञापन सौंपा।

महासंघ की पूर्व बैठक में संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रदीप सोनी ने सुझाव दिया था कि अन्य जिलों की तर्ज पर बैकुंठपुर में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान सदन की स्थापना की जानी चाहिए। इसी मांग को आगे बढ़ाते हुए महासंघ ने शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्णय लिया था।

संघ के अध्यक्ष श्री प्रेमचंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के सदस्य श्री दीपक राजदान द्वारा तैयार किए गए विस्तृत प्रस्ताव के माध्यम से सियान सदन की आवश्यकता और उसके संभावित लाभों की जानकारी कलेक्टर के समक्ष रखी गई।

महासंघ के अनुसार सियान सदन वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित हो सकता है। यहां सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों को आपसी संवाद, सामाजिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों के लिए एक सम्मानजनक मंच मिल सकेगा। विशेष रूप से अकेलेपन की समस्या से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह केंद्र उपयोगी साबित होने की उम्मीद है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मांग को गंभीरता से सुना और इस दिशा में आवश्यक शासकीय प्रक्रियाएं अपने स्तर से यथासंभव शीघ्र प्रारंभ किए जाने का आश्वासन दिया। महासंघ ने कलेक्टर की संवेदनशीलता और सकारात्मक रुख के प्रति आभार व्यक्त किया।

महासंघ ने यह भी निर्णय लिया है कि सियान सदन की स्थापना के लिए जिले के विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम से मुलाकात कर आवश्यक सहयोग एवं सैद्धांतिक सहमति का अनुरोध किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में श्री प्रेमचंद्र गुप्ता, डॉ. अरविंद नारायण सिंह, श्री दीपक राजदान, श्री घनश्याम जायसवाल, श्री अलविस तिर्की, श्रीमती मिनिजिया एक्का, श्री रामकुमार राजवाड़े एवं श्री प्रकाश गोस्वामी शामिल रहे।

अब महासंघ और जिले के वरिष्ठ नागरिकों की नजरें शासन-प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि सियान सदन की यह पहल जल्द ही धरातल पर आकार लेगी और जिले के वरिष्ठ नागरिकों को एक सम्मानजनक एवं उपयोगी सामाजिक केंद्र मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *