अंबिकापुर

सड़क हादसे में घायलों को अब 7 दिन तक मिलेगा ₹1.50 लाख तक कैशलेस इलाज, PM-Rahat योजना पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण !

अम्बिकापुर, 8 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से PM-Rahat योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 7 अगस्त को जिला पंचायत अम्बिकापुर के सभा कक्ष में संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर अटल नगर की अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआईजीपी श्री एम.आर. आहिरे ने की। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अम्बिकापुर, पुलिस मुख्यालय से प्रशिक्षक श्री दिनेश टॉक एवं श्री सारांश श्रींके, वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अम्बिकापुर सहित सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरिया के परिवहन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए। संभाग के डीआरएम भी प्रशिक्षण में मौजूद रहे।

दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार

प्रशिक्षण में बताया गया कि वाहन से हुई सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक अधिकतम ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी। योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को बिना आर्थिक बाधा और देरी के तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाना है।

योजना के तहत पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद घायल व्यक्ति को eDAR आईडी उपलब्ध कराकर नजदीकी नामांकित शासकीय या निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जाएगा। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए एफआईआर अनिवार्य नहीं होगी।

eDAR सत्यापन की समयसीमा तय

प्रशिक्षण में eDAR प्रणाली के माध्यम से दुर्घटना प्रकरणों के सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ऐसे मामलों में जहां घायल की मृत्यु की संभावना नहीं है, उनका 24 घंटे के भीतर, जबकि मृत्यु की संभावना वाले मामलों का 48 घंटे के भीतर सत्यापन किया जाना है।

घायल के उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होने के 10 से 15 दिनों के भीतर संबंधित अस्पताल को भुगतान किए जाने की प्रक्रिया के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी गई।

राह-वीर योजना में मिलेगा ₹25 हजार पुरस्कार

कार्यक्रम में राह-वीर योजना की जानकारी भी दी गई। इसके तहत सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर यानी पहले एक घंटे के भीतर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों को ₹25 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों को PM-Rahat और राह-वीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *