अंबिकापुर

रजवार समाज के सम्मेलन में शामिल हुए मंत्री राजेश अग्रवाल, शिक्षा, एकता और युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर !

अंबिकापुर, 7 अगस्त। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की बैठक एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया तथा समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, शिक्षा और आपसी सहयोग होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेकर समाज को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही सामाजिक समरसता बनाए रखने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने रजवार समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने छत्तीसगढ़ के सामाजिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज के सभी वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों और युवाओं के स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन समाज की एकता, सामाजिक सद्भाव और विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *