रामपुरहीन माता मंदिर के पास देर रात हुआ हादसा, गंभीर घायलों का अंबिकापुर में उपचार जारी
अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग (एनएच-130) पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 6 अगस्त की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। आसन लाल तिग्गा एवं दिलीप कुमारी तिग्गा अपने परिजनों के साथ इनोवा कार (क्रमांक सीजी-15-ईडी-9050) से बिलासपुर में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लमगांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुरहीन माता मंदिर और राजवाड़े ढाबा के बीच सामने से आ रही पॉपुलर बस (क्रमांक सीजी-15-डीएम-0186) ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए इनोवा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला दिलीप कुमारी तिग्गा के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों के सीने, सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद रायपुर से लौट रहे भाजपा लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने मानवीय पहल करते हुए घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 281 एवं 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-130 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के पीछे सड़क किनारे ढाबों के सामने बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की कमी प्रमुख कारण हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने, ढाबों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।

