अंबिकापुर

ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर ने मनाया रक्षाबंधन पर्व, 500 से अधिक लोगों को बांधा पवित्रता का रक्षासूत्र

एक अवगुण त्यागने और एक सद्गुण अपनाने का कराया संकल्प

अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र ‘नव विश्व भवन’ अंबिकापुर में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में 500 से अधिक भाई-बहनों ने ईश्वरीय रक्षासूत्र बंधवाया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को जीवन से एक अवगुण त्यागने और एक सद्गुण अपनाने का संकल्प भी कराया गया।

सेवा केंद्र की बहनों ने रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, मीडियाकर्मियों, नारी निकेतन की अंत:वासिनियों, बालक संप्रेक्षण गृह के बालकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर उन्हें ईश्वरीय सौगात एवं रक्षासूत्र भेंट किया।

पवित्रता और आंतरिक सुरक्षा का प्रतीक है रक्षाबंधन

समारोह को संबोधित करते हुए सेवा केंद्र संचालिका बी.के. विद्या दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागा बांधने की परंपरा नहीं, बल्कि परमात्मा से सच्चा संबंध जोड़कर मन, वचन और कर्म में पवित्रता धारण करने का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि माथे पर लगाया जाने वाला तिलक आत्म-स्मृति का प्रतीक है, जबकि मुख मीठा कराने की परंपरा वाणी में मधुरता लाने की प्रेरणा देती है। जब व्यक्ति अपने जीवन से बुराइयों का त्याग कर ईश्वरीय गुणों को अपनाता है, तभी समाज में सच्ची सुरक्षा, शांति और सौहार्द का वातावरण निर्मित हो सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को जीवन से एक अवगुण त्यागने और एक सद्गुण अपनाने की प्रतिज्ञा भी कराई गई।

जनप्रतिनिधियों को बांधा ईश्वरीय रक्षासूत्र

रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें ईश्वरीय संदेश एवं रक्षासूत्र भेंट किया। इनमें सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा लल्लन प्रताप सिंह, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, कांग्रेस नेता राकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी, वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय, युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता तथा आर्ट ऑफ लिविंग छत्तीसगढ़ के कर्मयोग राज्य समन्वयक अजय तिवारी शामिल रहे।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को दी शुभकामनाएं

संस्था की बहनों ने जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी रक्षासूत्र बांधकर उनकी आत्मिक सुरक्षा, सुख-शांति एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर राम सिंह, मुख्य वन संरक्षक दिलराज प्रभाकर, उपमंडलाधिकारी कुणाल सिंह, एसडीएम बंश सिंह नेताम, तहसीलदार विकास जिंदल, पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सी.के. मिश्रा, नारी निकेतन अधीक्षक खुशबू तिवारी तथा बालक संप्रेक्षण गृह अधीक्षिका मधुमिता सिंह को रक्षासूत्र बांधा गया।

वहीं पुलिस एवं सुरक्षा बल के अधिकारियों में पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक कुमार झा, उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी तथा उप निरीक्षक अभय तिवारी सहित होमगार्ड के जवानों को भी ईश्वरीय राखी बांधी गई।

नारी निकेतन, संप्रेक्षण गृह और मीडिया जगत तक पहुंचा अभियान

ब्रह्माकुमारी बहनों ने नारी निकेतन की अंत:वासिनियों एवं बालक संप्रेक्षण गृह के बालकों को भी रक्षासूत्र बांधकर सकारात्मक एवं संस्कारमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मीडिया जगत से दीपक सराठे, ब्यूरो चीफ अंबिकावाणी एवं अध्यक्ष प्रेस क्लब, नवभारत के पूर्व ब्यूरो चीफ सुधीर पाण्डेय, नवभारत ब्यूरो चीफ अविनाश त्रिपाठी, नई दुनिया ब्यूरो चीफ अनंग पाल दीक्षित, हरिभूमि ब्यूरो चीफ अरुण सिंह तथा दैनिक छत्तीसगढ़ के राजेश सराठे को भी ईश्वरीय राखी बांधी गई।

सभी ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस आध्यात्मिक एवं सामाजिक अभियान की सराहना की तथा जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

— बी.के. विद्या दीदी
सेवा केंद्र संचालिका
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
‘नव विश्व भवन’, अंबिकापुर (सरगुजा), छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *