अंबिकापुर

खाद माफिया से मिलीभगत करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कृषि मंत्री रामविचार नेताम


राहुल कृषि केंद्र का लाइसेंस निरस्त करने के संकेत, फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई संभव

अंबिकापुर। जिले में खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने (ओवर रेटिंग) के मामले में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि खाद माफिया से मिलीभगत करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

दरिमा क्षेत्र के नवानगर स्थित राहुल कृषि केंद्र के खिलाफ ओवर रेटिंग की शिकायत सामने आने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने के मामले में मंत्री ने नाराजगी जताई। शिकायत है कि फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर श्वेता पटेल ने संबंधित दुकान पर कार्रवाई करने के बजाय संचालक से मिलीभगत की और कार्रवाई से पहले ही उसे सूचना दे दी। इस मामले को गंभीर मानते हुए कृषि मंत्री ने फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। साथ ही राहुल कृषि केंद्र का लाइसेंस निरस्त किए जाने की संभावना भी जताई है।

कृषि मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर को हटाया गया था, लेकिन बाद में अधिकारियों की कथित सेटिंग के चलते उसे दोबारा उसी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी (डीडीए) को मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा खाद माफिया से मिलीभगत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *