पटना पुलिस ने महिला मित्र के साथ पकड़ा आरोपी तरुण जायसवाल, सरगुजा पुलिस ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद ला रही वापस
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में 15 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल को बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही सर्व आदिवासी समाज ने उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव करते हुए उग्र प्रदर्शन किया था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी तरुण जायसवाल, जो ग्राम पंचायत के उप सरपंच का पति बताया जा रहा है, घटना के बाद से फरार था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि वह बिहार के पटना में छिपा हुआ है। इसके बाद पटना पुलिस ने आरोपी को उसकी एक महिला मित्र के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सरगुजा पुलिस की टीम उसे लेने पटना पहुंच गई है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर देर रात तक आरोपी को अंबिकापुर लाए जाने की संभावना है।
इससे पहले बुधवार को आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज सर्व आदिवासी समाज ने एसपी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, ग्रामीण, महिलाएं और युवा एसपी कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार के सामने धरना देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में आक्रोश व्याप्त था। समाज के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच, पीड़िता को न्याय और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके अगले ही दिन आरोपी की गिरफ्तारी होने से मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
अब सरगुजा पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं, पूरे मामले पर जिले की नजर बनी हुई है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की प्रक्रिया पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

