लखनपुर/सूरजपुर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित मन जागृति अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सहयोगी संस्था सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान, लखनपुर (जिला सरगुजा) को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा और मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, समय पर उपचार, परामर्श सेवाओं की उपलब्धता तथा मानसिक रोगों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर अपने विचार रखे।
सम्मान प्राप्त करने पर संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान वर्ष 1990 से निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। संस्था द्वारा जिला सूरजपुर में नशामुक्ति केंद्र एवं वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही बाल अधिकार, महिला अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए जागरूकता अभियान तथा टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जन-जागरूकता जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
संस्थान द्वारा संचालित केंद्रों में भर्ती मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी, उचित सलाह एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे लोगों के परिजनों को भी समझाइश दी जाती है तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सेन्दरी और रांची भेजने में सहयोग किया जाता है।

समारोह में 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला जेल सूरजपुर, बालक एवं बालिका छात्रावास, अरुणोदय कोचिंग संस्थान, मितानिन कार्यक्रम सहित विभिन्न संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू एवं स्नेह संबल वृद्धाश्रम, तिलसुवा (सूरजपुर) की अधीक्षक पायल गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि संस्था को पूर्व में भी समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।

