अम्बिकापुर, 27 अक्टूबर 2026। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम हॉल, अम्बिकापुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री चिंतामणि महाराज एवं महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहे।
युवा उत्सव के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ लोक संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का अवसर दिया गया। जिले के सभी विकासखंडों से युवा प्रतिभागी इसमें शामिल हुए।

लोक कला से लेकर क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज तक प्रतियोगिताएं
उत्सव में लोक नृत्य, लोक गीत, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, रॉक बैंड (राज्य स्तरीय), विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और चित्रकला जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि संस्कृति हमारी पहचान है। सभ्यता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजकर रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सांस्कृतिक मूल्यों और पारंपरिक नृत्य-संगीत की मूल भावना में बदलाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के साथ-साथ उसे प्रोत्साहित करना भी जरूरी है।
सांसद ने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानने, प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा उसे नया जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध रहने की अपील की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जनजातीय विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर
महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सरगुजा की समृद्ध संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने युवाओं से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को संजोने तथा अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। युवा उत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने युवाओं से राज्य और देश की विविध संस्कृतियों से परिचित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराएं हैं, जिन पर गर्व होना चाहिए। पूर्वजों ने सदियों से इन परंपराओं को सहेजकर रखा है और अब इन्हें संरक्षित कर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है।

कलेक्टर ने अपनी संस्कृति के प्रति गर्व के साथ अन्य संस्कृतियों के प्रति सम्मान रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और सामूहिक सहभागिता से प्रदेश एवं देश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, श्री शशिकांत जायसवाल, पीजी कॉलेज के प्राचार्य श्री अनिल सिन्हा, श्रीमती प्रियंका चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा प्रतिभागी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

