अंबिकापुर

ग्रेड पे बढ़ाने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग, नर्सिंग यूनियन ने किया प्रदर्शन

अंबिकापुर। जिला अस्पताल अंबिकापुर में नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने और ग्रेड पे में वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग यूनियन ने शासन से लंबे समय से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।

नर्सिंग स्टाफ की प्रमुख मांग है कि ग्रेड पे 2800 रुपये से बढ़ाकर 4800 रुपये किया जाए। इसके साथ ही पूर्व में प्रस्तावित 4400 रुपये के ग्रेड पे को तत्काल लागू करने की मांग भी उठाई गई। नर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि वेतन विसंगति और ग्रेड पे की मांग को लेकर पिछले करीब 14 वर्षों से लगातार प्रयास और संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन अब तक शासन स्तर पर इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि समय-समय पर चिकित्सक अधिकारियों के वेतन में वृद्धि की गई, लेकिन नर्सिंग संवर्ग की वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सिंग कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोविड-19 महामारी जैसे कठिन दौर में नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की। इसके बावजूद लंबे समय से लंबित वेतन और ग्रेड पे संबंधी मांगों का समाधान नहीं किया गया है।

नर्सिंग यूनियन ने बताया कि प्रदेश स्तरीय आंदोलन के तहत रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर और महासमुंद सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं होने से नर्सिंग कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पहले उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। नर्सिंग स्टाफ ने कहा कि ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव और उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

आंदोलन में नियमित नर्सिंग संवर्ग के साथ-साथ संविदा एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के भी शामिल होने की बात कही गई है।

प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग यूनियन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आंदोलन में नर्सिंग यूनियन छत्तीसगढ़, अंबिकापुर से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।

नर्सिंग कर्मचारियों ने एकजुट होकर शासन से अपनी वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने की मांग की और कहा कि जब तक वेतन विसंगति तथा ग्रेड पे से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “नर्सिंग यूनियन जिंदाबाद”, “अपनी मांग पूरी करो”, “वेतन विसंगति दूर करो”, “ग्रेड पे बढ़ाकर दो” और “न किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते” जैसे नारे लगाए गए।

नर्सिंग यूनियन ने शासन से मांग की है कि नर्सिंग संवर्ग की वेतन विसंगति को दूर करते हुए ग्रेड पे में वृद्धि की जाए तथा पूर्व में प्रस्तावित ग्रेड पे को जल्द से जल्द लागू किया जाए। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *